बागेश्वर। कपकोट तहसील के चौड़ा गांव में पिछले छह माह से लगातार बढ़े हुए बिजली बिल मिलने से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा। ग्राम प्रधान दुर्गा देवी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण जिला मुख्यालय पहुंचे और ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता (ईई) कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने शीघ्र समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
प्रदर्शन के दौरान आयोजित सभा में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उनके घरों में सीमित बिजली खपत होने के बावजूद हजारों रुपये के बिजली बिल भेजे जा रहे हैं। उनका कहना था कि अधिकांश परिवार केवल एक-दो एलईडी बल्ब और कभी-कभार टेलीविजन का उपयोग करते हैं, फिर भी उन्हें 15 हजार से 25 हजार रुपये तक के बिल थमाए जा रहे हैं।
ग्रामीणों ने कहा कि लगातार बढ़ते बिलों ने उनकी चिंता बढ़ा दी है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए इतने बड़े बिलों का भुगतान करना संभव नहीं है। उन्होंने आशंका जताई कि कहीं मीटरों में तकनीकी खराबी या रीडिंग में गड़बड़ी के कारण यह समस्या उत्पन्न न हो रही हो।
ग्रामीणों ने ऊर्जा निगम से बढ़े हुए बिजली बिलों की जांच कराने, खराब मीटरों को बदलने तथा उपभोक्ताओं की समस्याओं का तत्काल समाधान करने की मांग की। इस संबंध में उन्होंने अधिशासी अभियंता को ज्ञापन भी सौंपा।
मामले पर ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता मो. अफजाल ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही गांव में चेक मीटर लगाए जाएंगे, जिससे वास्तविक बिजली खपत और बिलों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
प्रदर्शन में चंदन आर्या, राजेश, प्रताप राम, सरस्वती, शिव सिंह, संतोष, बसंती, मंजू देवी, गोविंद सिंह, गंगा देवी समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।







