logo

गलियाखेत इंटर कॉलेज में जेंडर इक्विटी क्लब का गठन

खबर शेयर करें -

छात्र-छात्राओं को समान अवसर और सम्मान का संदेश

देहरादून। नथ्था सिंह पोखरियाल राजकीय इंटर कॉलेज गलियाखेत में प्रधानाचार्य दिवाकर प्रसाद पैन्यूली की अध्यक्षता में लैंगिक समानता (जेंडर इक्विटी) क्लब का गठन किया गया। कार्यक्रम में नोडल प्रभारी मनोहर लाल और विनोद सेमवाल ने छात्र-छात्राओं को लैंगिक समानता के महत्व की जानकारी दी।

नोडल प्रभारी मनोहर लाल ने कहा कि सम्मान, समान अवसर और सहयोगपूर्ण वातावरण प्रत्येक विद्यार्थी का अधिकार है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और राष्ट्रीय पाठ्यचर्या की रूपरेखा 2023 शिक्षा को केवल ज्ञान अर्जन तक सीमित नहीं रखती, बल्कि न्यायसंगत, संवेदनशील और समानतापूर्ण समाज के निर्माण पर भी जोर देती है। इसमें विद्यालय और शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

यह भी पढ़ें 👉  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस पर कोट भ्रामरी मंदिर डंगोली में हवन-यज्ञ, स्वच्छता अभियान एवं विशाल भंडारे का आयोजन

उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी में अपनी विशेष प्रतिभा होती है। रूढ़िवादिता और सामाजिक धारणाओं के कारण कई बार बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाता। ऐसे में विद्यालय का दायित्व है कि सभी विद्यार्थियों को सहज और समान अवसर वाला वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को लैंगिक समानता की प्रतिज्ञा भी दिलाई गई। प्रधानाचार्य दिवाकर प्रसाद पैन्यूली ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए लैंगिक समानता के विचारों को व्यवहार और दैनिक जीवन में अपनाने की अपील की। उन्होंने जीव विज्ञान विषय से जोड़ते हुए विद्यार्थियों को लैंगिक समानता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी दी।

यह भी पढ़ें 👉  झंकार वार्षिकोत्सव में छात्र-छात्राओं ने बिखेरी संस्कृति की रंगारंग छटा

ये बने जेंडर इक्विटी एंबेसडर

कक्षा छह से 12 तक प्रत्येक कक्षा से एक छात्र और एक छात्रा को जेंडर इक्विटी एंबेसडर बनाया गया। इनमें कक्षा छह से लक्ष्मी और आदित्य सिंह, कक्षा सात से गौरी और रोहित सिंह, कक्षा आठ से नंदिनी और दिव्यांशु, कक्षा नौ से रिया और नैतिक सिंह, कक्षा 10 से दीपिका और प्रवेश सिंह, कक्षा 11 से साधना और सूरज तथा कक्षा 12 से रंजीता और मोहित सिंह शामिल हैं।

यह भी पढ़ें 👉  शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए नवाचार और नए दृष्टिकोण जरूरी : पार्वती दास

कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों का समूह बनाकर उन्हें क्लब के सदस्य के रूप में दायित्व भी सौंपा गया। कार्यक्रम का संचालन भाषा अध्यापक मनोहर लाल ने किया।

इस अवसर पर शिव कुमार, प्रमेश कुमार, दीपक चौहान, अरविंद कुमार, विनोद सेमवाल, शिवानी जोशी, सचिन राणा, अमित व्यास और महादेव खंडूरी समेत विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं और कार्यालय कर्मचारी मौजूद रहे।

संदेश: “समान अवसर, समान सम्मान—यही है लैंगिक समानता की पहचान।”

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
Share on whatsapp