बागेश्वर। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत बागेश्वर पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों और सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखी है।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा (आईपीएस) के निर्देशन में 21 सितंबर को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 41 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इनमें पांच वाहनों के चालान न्यायालय भेजे गए।
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान भी चलाया। इस दौरान वाहन चालकों की एल्कोमीटर से जांच की गई। वहीं, शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए सड़क किनारे अनियमित रूप से पार्क किए गए वाहनों पर व्हील जैमर लगाए गए। पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित स्थानों पर ही वाहन पार्क करने की अपील की है।
इसके अलावा बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने ऑपरेशन कालनेमि के अंतर्गत भी चेकिंग की। पुलिस के अनुसार बाहरी क्षेत्रों से आकर बिना सत्यापन रहने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और सत्यापन की कार्रवाई की जा रही है।
सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था भंग करने और बिना पुलिस सत्यापन पाए जाने वाले छह व्यक्तियों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस ने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर शांति एवं सौहार्द बनाए रखने, शराब पीकर वाहन न चलाने और हुड़दंग जैसी गतिविधियों से दूर रहने की अपील की है। साथ ही किसी भी स्थान पर अशांति या हुड़दंग की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा है।







