कपकोट। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर कपकोट में दर्जा राज्यमंत्री भूपेश उपाध्याय के नेतृत्व में बृहद कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं, भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। धार्मिक एवं पारंपरिक वेशभूषा में शामिल महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर यात्रा में भाग लिया।
कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने धार्मिक जयघोष के साथ वातावरण को भक्तिमय बना दिया। यात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए निर्धारित स्थल पर पहुंची, जहां विधिवत पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान किए गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना के साथ देश की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की गई।
दर्जा राज्यमंत्री भूपेश उपाध्याय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को सेवा, संस्कार और जनभागीदारी के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में कपकोट में बृहद कलश यात्रा का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और उनके जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रमों में लोगों की भागीदारी उत्साह का प्रतीक है।
कलश यात्रा में महिलाओं और स्थानीय लोगों की बड़ी संख्या में भागीदारी रही। आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आगे भी सेवा एवं धार्मिक-सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।







