तत्काल आपूर्ति सुचारु करने की मांग, समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी
गरुड़। संवाददाता। पर्यटन नगरी कौसानी में पेयजल संकट गहराने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। लंबे समय से पेयजल किल्लत झेल रहीं महिलाओं ने बुधवार को जिला पंचायत सदस्य बबलू नेगी की अगुवाई में उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने क्षेत्र में तत्काल नियमित और स्वच्छ पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की। समस्या का जल्द समाधान नहीं होने पर महिलाओं ने धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
ज्ञापन के माध्यम से जिला पंचायत सदस्य बबलू नेगी ने कहा कि कौसानी क्षेत्र में पेयजल की पर्याप्त आपूर्ति नहीं होने से ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामों के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने प्रशासन से पेयजल समस्या को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने और स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
महिलाओं ने बताया कि पानी की कमी के चलते उन्हें बारिश के पानी पर निर्भर रहना पड़ रहा है। कई बार मजबूरी में दूषित पानी का इस्तेमाल करना पड़ता है। इससे खासकर बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता बनी हुई है। उन्होंने प्रशासन से स्वच्छ पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।
महिलाओं का कहना है कि यदि जल्द पेयजल व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो क्षेत्र की महिलाएं आंदोलन के लिए बाध्य होंगी। ज्ञापन देने वालों में चंद्रकला भंडारी, पार्वती दोसाद, चंपा पंत, विमला बृजवाल, शीला रावत, चंदा रावत, जीवंती वैष्णव समेत अन्य महिलाएं मौजूद रहीं।







