बागेश्वर। दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए बागेश्वर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा के निर्देशन में जनपदभर में सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। बाजारों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और भीड़भाड़ वाले संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही पुलिस टीमें लगातार गश्त कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही हैं।
दीपावली के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए पुलिस ने विशेष यातायात डायवर्जन प्लान लागू किया है। शहर क्षेत्र में आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों की नो एंट्री रहेगी। पैदल यात्रियों की सुरक्षा और बाजारों में सुचारु आवागमन बनाए रखने के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जनपद के सभी थानाध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापारिक संगठनों और वाहन चालकों के साथ बैठकें कीं। व्यापारियों को दुकानों और प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरे चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा बाहरी व्यक्तियों का शत-प्रतिशत सत्यापन कराने, दुकानों के बाहर अतिक्रमण नहीं करने, ज्वलनशील सामग्री सुरक्षित रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा गया है।
पुलिस ने त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी तेज कर दी है। अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। वहीं जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष पुलिस टीमें गठित कर अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को त्योहार के दौरान सतर्कता बनाए रखने तथा आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।
बागेश्वर पुलिस ने आमजन से की अपील
पुलिस ने लोगों से दीपावली का त्योहार आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है। साथ ही शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग नहीं करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने को कहा है। किसी भी व्यक्ति द्वारा अशांति फैलाने या हुड़दंग करने पर तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।







