बागेश्वर। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में निर्वाचन कार्यों से जुड़े नोडल अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों को उनके दायित्वों और जिम्मेदारियों की जानकारी देते हुए समय रहते तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन एक महत्वपूर्ण और समयबद्ध प्रक्रिया है, जिसमें प्रत्येक अधिकारी की भूमिका अहम है। सभी नोडल अधिकारी अपने-अपने दायित्वों को गंभीरता से समझें और अभी से निर्वाचन संबंधी तैयारियां शुरू कर दें। उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से जारी दिशा-निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में कानून एवं शांति व्यवस्था, निर्वाचन कार्मिकों की उपलब्धता और प्रशिक्षण, ईवीएम-वीवीपैट की व्यवस्था, परिवहन, निर्वाचन सामग्री प्रबंधन, आदर्श आचार संहिता, व्यय निगरानी, मीडिया प्रबंधन, स्वीप गतिविधियों, मतदाता जागरूकता और शिकायतों के निस्तारण जैसे विषयों पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अपने कार्यक्षेत्र की कार्ययोजना तैयार करने और आवश्यक संसाधनों का पहले से आकलन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखना सभी अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। मतदाता सूची में पात्र नागरिकों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के साथ ही दिव्यांग और वरिष्ठ मतदाताओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसके अलावा मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए प्रभावी जागरूकता गतिविधियां संचालित करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय और नियमित संवाद बनाए रखने तथा निर्वाचन संबंधी सूचनाओं का समय पर आदान-प्रदान करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन की तैयारियां अंतिम समय पर करने के बजाय पूर्व नियोजित और व्यवस्थित तरीके से पूरी की जाएं। सौंपे गए दायित्वों के निर्वहन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश भी दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा, मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार, अपर जिलाधिकारी एनएस नबियाल सहित निर्वाचन कार्यों के लिए नामित विभिन्न नोडल अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।







