बागेश्वर। दीपावली पर्व के मद्देनजर बागेश्वर पुलिस ने अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। सरयू घाट स्थित आतिशबाजी बिक्री स्थल पर किसी भी संभावित अग्नि दुर्घटना से निपटने के लिए फायर सर्विस की विशेष यूनिट तैनात कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा के निर्देश पर अग्निशमन विभाग ने सुरक्षा उपकरणों की जांच के साथ पूरे स्थल का निरीक्षण किया।
प्रभारी अग्निशमन अधिकारी दिनेश चंद्र पाठक के मार्गदर्शन में फायर सर्विस की टीम ने आतिशबाजी बिक्री स्थल पर पहुंचकर पोर्टेबल पंप सहित अन्य अग्निशमन उपकरणों की गहन जांच की। इस दौरान सभी उपकरण कार्यशील और दुरुस्त पाए गए। टीम ने पूरे बिक्री स्थल का बारीकी से निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।
निरीक्षण के बाद फायर यूनिट को सरयू घाट स्थित आतिशबाजी बिक्री स्थल पर मुस्तैद कर दिया गया है। दीपावली मेले और आतिशबाजी की खरीद-फरोख्त के दौरान किसी भी आकस्मिक अग्नि दुर्घटना की स्थिति में टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करेगी।
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा ने त्योहार के दौरान आमजन की सुरक्षा और जन-धन की हानि रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। पुलिस और अग्निशमन विभाग की इस व्यवस्था का उद्देश्य दीपावली पर्व को सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना है।







