बागेश्वर। पुरानी पेंशन बहाली राष्ट्रीय आंदोलन (एनएमओपीएस) के आह्वान पर एनपीएस लागू होने की तिथि के विरोध में एक अक्टूबर को काला दिवस मनाया जाएगा। इस दौरान बागेश्वर, कपकोट और गरुड़ विकासखंड के शिक्षक-कर्मचारी संयुक्त रूप से एनपीएस, यूपीएस और टीईटी का पुतला दहन करेंगे।
कार्यक्रम के तहत शाम 4:30 बजे ट्रेडर्स तिराहा, दीप पैलेस के पास से पुतला यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा तहसील रोड, गोमती पुल, एसबीआई तिराहा, माल रोड, पुराने सरयू पुल और दुग बाजार होते हुए नुमाइशखेत मैदान पहुंचेगी। यहां शाम छह बजे पुतला दहन किया जाएगा।
एनएमओपीएस पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षक, कर्मचारी और अधिकारी लंबे समय से पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से इस मांग पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक निर्णय लेने की अपील की।
पदाधिकारियों ने जिले के सभी एनपीएस और यूपीएस से आच्छादित शिक्षक-कर्मचारियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया है।







