logo

बाल दिवस पर वनाग्नि के खिलाफ जागरूकता रैली, 500 छात्र-छात्राओं ने दिया जंगल बचाने का संदेश

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। बाल दिवस के अवसर पर वन विभाग और हंस फाउंडेशन के तत्वावधान में बागेश्वर नगर में वनाग्नि को लेकर जागरूकता रैली निकाली गई। विकास भवन से तहसील परिसर तक आयोजित इस रैली में करीब 500 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने रैली के माध्यम से लोगों को जंगलों को आग से बचाने और वन संपदा के संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान वन क्षेत्राधिकारी श्याम सिंह करायत ने कहा कि रैली आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं के साथ ही उनके अभिभावकों को भी वनाग्नि के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि जंगलों में आग लगाने से पर्यावरण और वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचता है। रैली के माध्यम से लोगों को संदेश दिया गया कि वे जंगलों में आग न लगाएं और दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करें। वहीं हंस फाउंडेशन के खीम सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए बच्चों के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। बच्चे जागरूकता के संदेश को अपने परिवार और आसपास के लोगों तक पहुंचाकर पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। रैली में प्रतिभाग कर रहे छात्र- छात्राओं ने कहा कि जंगलों में आग लगने के कारण वन्यजीवों का प्राकृतिक आवास प्रभावित होता है और जंगली जानवर भोजन एवं सुरक्षित ठिकाने की तलाश में शहरों और आबादी वाले क्षेत्रों की ओर रुख करते हैं। इससे मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने लोगों से जंगलों को आग से बचाने की अपील की। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने आमजन को संदेश दिया कि जंगलों का संरक्षण केवल वन विभाग की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  ऑपरेशन प्रहार के तहत बागेश्वर पुलिस की कार्रवाई, 56 वाहन चालकों के चालान; 9 बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन
Ad Ad
Share on whatsapp