बागेश्वर लाहुर घाटी। नवयुवक मंगल दल की ओर से आयोजित दाढ़ीमखेत प्रीमियर लीग (DPL) का भव्य आगाज हो गया है। प्रतियोगिता में महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों के क्रिकेट मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं। प्रतियोगिता में स्थानीय टीमों के साथ-साथ दूर-दराज क्षेत्रों से भी टीमें पहुंची हैं। पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा से आई टीमों की भागीदारी ने प्रतियोगिता को और खास बना दिया है।
DPL का आयोजन क्षेत्र के युवाओं को सकारात्मक एवं सृजनात्मक गतिविधियों के लिए मंच उपलब्ध कराने तथा उनकी खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। आयोजन के माध्यम से युवाओं को खेल के साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, अनुशासन और टीम भावना का अवसर मिल रहा है।
प्रतियोगिता का पहला मुकाबला महिला वर्ग में दाढ़ीमखेत और सैलानी के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में दाढ़ीमखेत की टीम ने सैलानी को 16 रनों से हराकर जीत दर्ज की। दाढ़ीमखेत की ओर से बहन रिंकी ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 23 रन बनाए और 3 विकेट हासिल किए। उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
वहीं पुरुष वर्ग में गनीगाँव और तिलसारी के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। गनीगाँव की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तिलसारी को 37 रनों से पराजित कर जीत हासिल की। गनीगाँव की जीत में महिपाल सिंह का शानदार प्रदर्शन रहा। उन्होंने 35 रन बनाकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए आकर्षक पुरस्कार भी रखे गए हैं। पुरुष वर्ग की विजेता टीम को ₹15,000 नगद एवं ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को ₹7,500 की पुरस्कार राशि दी जाएगी। वहीं महिला वर्ग की विजेता टीम को ₹5,100 नगद एवं ट्रॉफी तथा उपविजेता टीम को ₹2,500 की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए आयोजकों ने विशेष व्यवस्था की है। महिला टीमों से किसी भी प्रकार की पंजीकरण राशि नहीं ली जा रही है। साथ ही महिला टीमों के लिए भोजन एवं आवास की व्यवस्था भी आयोजक समिति द्वारा निःशुल्क की गई है।
आयोजन समिति के अध्यक्ष भूपाली दोसाद हैं, जबकि ईश्वर दोसाद, दीपक दोसाद एवं पवन दोसाद सदस्य के रूप में आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि आलोक पांडे, डॉ. हरीश दफौटी, राजू दानू, सीमा देवी, खीम राज परिहार एवं गुड़िया दोसाद सहित क्षेत्र के अनेक बुजुर्ग, माताएं एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
दाढ़ीमखेत प्रीमियर लीग को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। बेटियों और बेटों दोनों वर्गों के मुकाबलों के माध्यम से यह आयोजन ग्रामीण क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने, युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और उनकी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हो रहा है।







