बागेश्वर। जनपद के दुर्गम क्षेत्र सैलानी विद्यालय के छात्र-छात्राओं की प्रतिभा को कला और मार्गदर्शन के माध्यम से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने वाले शिक्षक डॉ. हरीश दफौटी को सम्मानित किया गया। अमर उजाला, बागेश्वर की ओर से उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, हल्द्वानी में आयोजित सम्मान समारोह में उत्तराखंड के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत समेत अन्य गणमान्य अतिथियों ने डॉ. हरीश दफौटी को सम्मानित किया। डॉ. दफौटी भारतीय रेड क्रॉस समिति बागेश्वर के यूथ आइकॉन के रूप में भी कार्य कर रहे हैं।
डॉ. दफौटी ने दुर्गम क्षेत्र के विद्यालय में विद्यार्थियों की कला और रचनात्मक प्रतिभा को पहचानने के साथ ही उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को विभिन्न मंचों पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर मिले हैं। इससे सैलानी जैसे दूरस्थ क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को अपनी प्रतिभा को व्यापक स्तर पर पहचान दिलाने में मदद मिली।
सम्मान मिलने पर जिले के लोगों और शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने डॉ. हरीश दफौटी को बधाई दी। लोगों का कहना है कि उनका समर्पण और विद्यार्थियों की प्रतिभा को आगे बढ़ाने का प्रयास अन्य शिक्षकों के लिए भी प्रेरणादायी है। डॉ. दफौटी ने साबित किया है कि सीमित संसाधनों वाले दुर्गम क्षेत्रों में भी प्रतिभाओं को सही मार्गदर्शन और अवसर मिलें तो वे बड़े मंचों तक पहुंच सकती हैं।







