logo

क्रिकेट किट वितरण को उक्रांद ने बताया चुनावी प्रलोभन, 1600 करोड़ के विकास दावों पर उठाए सवाल

खबर शेयर करें -

कपकोट में प्रेसवार्ता कर भाजपा-कांग्रेस पर साधा निशाना, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और पलायन के मुद्दों पर सरकार को घेरा

बागेश्वर/कपकोट। उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने कपकोट विधानसभा क्षेत्र में विधायक निधि से क्रिकेट किटों के वितरण को चुनावी प्रलोभन करार देते हुए भाजपा और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में उक्रांद नेताओं ने 208 क्रिकेट किटों की खरीद और वितरण प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए विधायक द्वारा क्षेत्र में 1600 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराने के दावे को भी धरातल से दूर बताया। नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आते ही युवाओं को लुभाने के प्रयास किए जा रहे हैं, जबकि क्षेत्र की बुनियादी समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।

क्रिकेट किटों की खरीद पर उठाए सवाल

उक्रांद नेताओं ने कहा कि करीब 66 लाख रुपये की लागत से 208 क्रिकेट किटों का वितरण किया जाना कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने खरीद प्रक्रिया, बिलों और जीएसटी के विवरण पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि थोक खरीद के बावजूद खुदरा कीमतों का हवाला दिया जा रहा है। किटों की गुणवत्ता पर भी संदेह जताया गया। नेताओं ने सरकारी खरीद और निर्माण कार्यों में कथित कमीशनखोरी का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।

यह भी पढ़ें 👉  21 दिन बाद खत्म हुआ आंदोलन, प्रशासन के आश्वासन पर आमरण अनशन समाप्त

1600 करोड़ के विकास का दावा, गांवों में बुनियादी सुविधाओं का अभाव

विधायक के 1600 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के दावे पर सवाल उठाते हुए उक्रांद नेताओं ने कहा कि यदि इतनी बड़ी धनराशि से वास्तव में विकास हुआ होता तो कपकोट की 118 ग्राम पंचायतों में शिक्षा, बिजली, पानी और सड़क जैसी समस्याएं नहीं बनी रहतीं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास के दावों और जमीनी हकीकत के बीच बड़ा अंतर दिखाई देता है। वर्ष 2010 में घोषित कांडा नर्सिंग कॉलेज और फुलवाड़ी सड़क जैसी योजनाओं के अब तक अधूरे रहने को भी उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल बताया।

स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली से बढ़ रहा पलायन

यह भी पढ़ें 👉  नारायण सिंह जंत्वाल का निधन उत्तराखंड की क्षेत्रीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति : वरुण चंदोला

प्रेसवार्ता में पहाड़ की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं और लगातार बढ़ते पलायन पर भी चिंता जताई गई। उक्रांद नेताओं ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में ग्रामीणों को गंभीर परिस्थितियों में इलाज के लिए दूर जाना पड़ता है। कपकोट के एक व्यापारी को समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने से हुई मौत का उल्लेख करते हुए उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए। नेताओं ने दावा किया कि प्रदेश के 1806 गांव खाली हो चुके हैं। उन्होंने पहाड़ी क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए अल्मोड़ा और पौड़ी में एम्स जैसी उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं स्थापित करने की आवश्यकता जताई।

भाजपा-कांग्रेस की राजनीति पर भी हमला

उक्रांद नेताओं ने भाजपा पर सत्ता विरोधी लहर और महंगाई जैसे मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए चुनाव से पहले विधायकों के टिकट बदलने की रणनीति अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने पूर्व में शेर सिंह गढ़िया और बलवंत सिंह भौर्याल के टिकटों में हुए बदलाव का उदाहरण भी दिया। वहीं कांग्रेस पर दोहरे राजनीतिक चरित्र का आरोप लगाते हुए कहा कि दोनों राष्ट्रीय दलों ने पिछले 25 वर्षों में उत्तराखंड की मूल अवधारणा और जनभावनाओं के अनुरूप काम नहीं किया। नेताओं ने ‘जेनी प्रकरण’ जैसे मुद्दों को उछालकर जनता का ध्यान वास्तविक समस्याओं से भटकाने का भी आरोप लगाया।

यह भी पढ़ें 👉  कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू गिरफ्तार, मेरठ से हुई गिरफ्तारी

क्षेत्रीय विकल्प को मजबूत करने की अपील

प्रेसवार्ता के अंत में उक्रांद नेताओं ने युवाओं और क्षेत्र की जनता से राष्ट्रीय दलों की राजनीति और चुनावी प्रलोभनों से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य की मूल अवधारणा को बचाने, गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने तथा पहाड़ की खेती, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के सवालों को प्राथमिकता देने के लिए क्षेत्रीय राजनीतिक विकल्प को मजबूत करना जरूरी है।

उक्रांद नेताओं ने कहा कि उत्तराखंड का भविष्य पहाड़ के गांवों को मजबूत बनाने और स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने में है। इसके लिए केवल घोषणाओं के बजाय धरातल पर विकास कार्यों की जरूरत है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
Share on whatsapp