बागेश्वर। विद्यार्थियों को पुलिस की कार्यप्रणाली से परिचित कराने और उनमें पुलिस के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने के उद्देश्य से बागेश्वर पुलिस ने सोमवार को शैक्षणिक थाना भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अलग-अलग थानों और कोतवालियों का भ्रमण किया।
कार्यक्रम के तहत महर्षि स्कूल के छात्र-छात्राओं ने कोतवाली बागेश्वर, विवेकानंद विद्या मंदिर काफलीगैर के विद्यार्थियों ने थाना झिरौली, राजकीय इंटर कॉलेज कौसानी के छात्र-छात्राओं ने कोतवाली कौसानी और राजकीय इंटर कॉलेज कांडा के विद्यार्थियों ने थाना कांडा का भ्रमण किया।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को थाने की दैनिक कार्यप्रणाली, पुलिस की भूमिका और विभिन्न शाखाओं के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस कर्मियों ने वायरलेस सेट और संचार व्यवस्था की कार्यप्रणाली भी समझाई। विद्यार्थियों को आधुनिक पुलिसिंग से जोड़ते हुए सीसीटीएनएस, ऑनलाइन एफआईआर और ई-एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया के बारे में भी बताया गया।
साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के लिए अनजान लिंक पर क्लिक न करने, किसी के साथ ओटीपी साझा नहीं करने और संदिग्ध फोन कॉल से सतर्क रहने की सलाह दी। इस दौरान साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की स्थिति में हेल्पलाइन 1930, आपातकालीन सहायता के लिए 112 और 1933 से संबंधित जानकारी भी दी गई।
महिला सुरक्षा और यातायात नियमों पर जोर
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को महिला सुरक्षा, अधिकारों और सम्मान के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही सड़क सुरक्षा के लिए हेलमेट और सीट बेल्ट के इस्तेमाल तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं और सवालों का जवाब दिया। पुलिस तंत्र को करीब से जानने और उसकी कार्यप्रणाली समझने को लेकर छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह नजर आया। पुलिस ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों को जागरूक करने के साथ पुलिस और समाज के बीच विश्वास और संवाद को मजबूत करना है।








