बागेश्वर। दीपावली पर्व के मद्देनजर जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बागेश्वर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा (IPS) के निर्देश पर पुलिस लगातार चेकिंग अभियान चलाकर हुड़दंगबाजी और अशांति फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई कर रही है।
इसी क्रम में कोतवाली बागेश्वर पुलिस ने क्षेत्र में चेकिंग के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने और अशांति फैलाने की आशंका के चलते 17 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने सभी के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए चालान किया है।
पुलिस के अनुसार, आवश्यक वैधानिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सभी 17 व्यक्तियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा के निर्देश पर त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दीपावली के दौरान हुड़दंगबाजी, अशांति फैलाने अथवा कानून व्यवस्था प्रभावित करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।







