बागेश्वर। पिंडारी ग्लेशियर ट्रैक पर लापता हुए पर्यटक की तलाश में बागेश्वर पुलिस और संयुक्त रेस्क्यू टीमों का अभियान लगातार जारी है। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों और प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद रेस्क्यू टीमों ने पिंडारी क्षेत्र के अंतिम छोर तक पहुंचकर सघन खोजबीन की, लेकिन अब तक पर्यटक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान में पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य संबंधित एजेंसियां लगातार जुटी हुई हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कपकोट में मु.अ.सं. 38/2026 धारा 140(3) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
रेस्क्यू अभियान के तहत बुधवार को पुलिस और संयुक्त टीमों ने सिमली से कर्णप्रयाग तक सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान संभावित स्थानों पर लापता पर्यटक के फोटो वितरित किए गए तथा लोगों से जानकारी जुटाने के लिए पोस्टर भी चस्पा किए गए। पुलिस स्थानीय लोगों, होटल संचालकों, वाहन चालकों और अन्य संभावित संपर्कों से भी जानकारी एकत्र कर रही है।
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा स्वयं पूरे अभियान की लगातार निगरानी कर रहे हैं और सर्च ऑपरेशन की पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को हर संभावित स्थान पर तलाश अभियान तेज करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस का कहना है कि लापता पर्यटक की सुरक्षित और सकुशल बरामदगी प्राथमिकता है। इसके लिए ट्रैकिंग रूट के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में भी लगातार खोजबीन की जा रही है। हालांकि अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है, लेकिन पुलिस और रेस्क्यू टीमों का अभियान पूरी गंभीरता के साथ जारी है।
प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि यदि किसी को लापता पर्यटक के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि खोज अभियान को और प्रभावी बनाया जा सके।







