बागेश्वर। देहरादून में पीआरडी जवानों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध और दो सूत्रीय मांगों को लेकर जिले के पीआरडी जवान एक बार फिर मुखर हो गए हैं। मांगों के समर्थन में जवानों ने शुक्रवार को ऑडिटोरियम सभागार के समीप अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। इस दौरान आयोजित सभा में वक्ताओं ने सरकार पर पीआरडी जवानों की लगातार उपेक्षा करने का आरोप लगाया।
प्रांतीय रक्षक दल हित संगठन के बैनर तले धरने पर बैठे जवानों ने सभी पीआरडी जवानों को 365 दिन का रोजगार देने और जवानों के नियमितीकरण की मांग उठाई। साथ ही देहरादून में प्रदर्शन के दौरान जवानों पर हुए लाठीचार्ज की कड़े शब्दों में निंदा की। सभा के बाद संगठन की ओर से जिलाधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा गया।
ज्ञापन में कहा गया कि 16 नवंबर 2026 को मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान प्रांतीय रक्षक दल के जवानों ने अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था, लेकिन इसके बावजूद अब तक उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। संगठन ने जनपद के सभी पीआरडी जवानों को वर्षभर रोजगार उपलब्ध कराने और उनके हितों के संरक्षण के लिए ठोस नीति बनाने की मांग की।
संगठन के जिलाध्यक्ष राजेंद्र भोटिया ने कहा कि जवान लंबे समय से अपने अधिकारों और रोजगार की सुरक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन उनकी मांगों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, आंदोलन जारी रहेगा।
धरने में कविता देवी, हरीश राम, गीता देवी, आशा देवी, देवकी देवी, गंगा देवी, रोशनी, निर्मला, रूपा सहित अन्य पीआरडी जवान मौजूद रहे।







