बागेश्वर। युवाओं को नशे से दूर रखने और महिला सुरक्षा सहित विभिन्न सामाजिक एवं कानूनी विषयों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से झिरौली थाना पुलिस ने विवेकानंद इंटर कॉलेज काफलीगैर में जनजागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान छात्र-छात्राओं और विद्यालय स्टाफ को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। साथ ही साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, बाल अपराध और यातायात नियमों की जानकारी दी गई।
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा के निर्देशन में 19 नवंबर को आयोजित कार्यक्रम में पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में बताया। उन्हें नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में छात्राओं को महिला संबंधी अपराधों, घरेलू हिंसा और बाल अपराधों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही गुड टच और बैड टच के अंतर को समझाते हुए किसी भी तरह की समस्या होने पर बिना संकोच पुलिस से सहायता लेने की अपील की गई।
पुलिस टीम ने बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय भी बताए। विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने तथा बाहरी व्यक्तियों और किरायेदारों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन कराने के महत्व से अवगत कराया गया।
पुलिस ने आपातकालीन स्थिति में डायल 112, साइबर ठगी की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 और नजदीकी पुलिस थाने से संपर्क करने की जानकारी भी दी। अभियान के दौरान विद्यार्थियों को जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित किए गए।







