बागेश्वर। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने और बच्चों के अधिकारों के संरक्षण के उद्देश्य से समर्पण सोसायटी के तत्वावधान में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में बाल विवाह की रोकथाम, इसके दुष्परिणामों और इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
कार्यशाला का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी बागेश्वर नरेश कुमार ने किया। इस दौरान पुलिस विभाग, जिला बाल संरक्षण इकाई, बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारी, वन स्टॉप सेंटर और समर्पण सोसायटी के प्रतिनिधियों ने प्रतिभागियों को बाल अधिकारों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया। वक्ताओं ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के भविष्य, शिक्षा, स्वास्थ्य और मौलिक अधिकारों को प्रभावित करता है। इस सामाजिक बुराई को समाप्त करने के लिए प्रशासन के साथ-साथ समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। बाल संरक्षण अधिकारी हेम चंद्र तिवारी ने जिलेभर में संचालित बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की जानकारी देते हुए इसकी गतिविधियों और उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। वहीं, जेआरसी समर्पण सोसायटी की जिला समन्वयक नैना लोहूमी ने संस्था की रूपरेखा, कार्ययोजना और संस्था की ओर से किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यशाला में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने बाल विवाह मुक्त भारत बनाने का संकल्प लिया। साथ ही आगामी 27 नवंबर को जिला एवं विकासखंड स्तर पर जागरूकता रैली निकालने का निर्णय लिया गया। इसके माध्यम से आमजन को बाल विवाह के दुष्परिणामों और इसे रोकने के कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी नीमा दफौटी ने की, जबकि संचालन हेम लोहनी ने किया। इस अवसर पर पंचायती राज विभाग के एडीपीआरओ, कपकोट विकासखंड के ग्राम पंचायत अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं सहित अनेक लोग मौजूद रहे।







