बागेश्वर। खेल महाकुंभ न्याय पंचायत सैंज का समापन सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ। समापन समारोह की मुख्य अतिथि क्षेत्र पंचायत सदस्य दीपा रौतेला रहीं। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर दीपा रौतेला ने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताओं के आयोजन से छात्र-छात्राओं में प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होने के साथ ही उनका स्वास्थ्य बेहतर रहता है और शारीरिक विकास भी होता है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेलों में निरंतर मेहनत करते हुए आगे बढ़ने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि पीटीए अध्यक्ष जगदीश राम एवं पूर्व पीटीए अध्यक्ष चंदन रौतेला ने भी खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विजेता प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र एवं पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राजकीय इंटर कॉलेज सैंज के प्रधानाचार्य जगदीश प्रसाद ने की। प्रधानाचार्य एवं कार्यक्रम संयोजक राजीव निगम ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए आयोजन के सफल संचालन के लिए सहयोग देने वाले सभी लोगों को धन्यवाद दिया। कार्यक्रम का संचालन संजय सिंह जेनौटी ने किया।
इस दौरान कैलाश चंद, उमेश चंद्र, बलवीर सिंह बिष्ट, रमेश नेगी, अर्जुन सिंह भाकुनी, कैलाश कुमार मेहता, दिग्विजय कुमार, हरीश राम, संतोष कुमार, सुमित पंत, डौली जोशी, किरन प्रसाद, अंजलि पालीवाल, सरोज गौड़, आरती बिष्ट, महेश लाल, रेनू टम्टा सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।






