जनपद स्तरीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में सेंट एडम्स प्रथम, जीआईसी गरुड़ दूसरे और जीआईसी बागेश्वर तीसरे स्थान पर रहा
बागेश्वर। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर पीएम श्री विक्टर मोहन जोशी राजकीय इंटर कॉलेज बागेश्वर में जनपद स्तरीय सामान्य ज्ञान क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के तीनों विकासखंडों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। विभिन्न चरणों में आयोजित कड़े मुकाबले के बाद सेंट एडम्स पब्लिक स्कूल गरुड़ की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अब यह टीम नवंबर माह में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जनपद का प्रतिनिधित्व करेगी।
प्रतियोगिता में चयनित तीन सर्वश्रेष्ठ टीमों ने बहुविकल्पीय, विजुअल, वीडियो, एक्सटेंपोर, रैपिड फायर और बजर राउंड में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने सामान्य ज्ञान, त्वरित निर्णय क्षमता और विषयों की समझ के आधार पर सवालों के जवाब दिए।
प्रतियोगिता में सेंट एडम्स पब्लिक स्कूल गरुड़ की टीम प्रथम, राजकीय इंटर कॉलेज गरुड़ की टीम द्वितीय तथा राजकीय इंटर कॉलेज बागेश्वर की टीम तृतीय स्थान पर रही। समापन अवसर पर मुख्य शिक्षा अधिकारी आशाराम ने विजेता टीमों को प्रशस्ति पत्र और आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए।
मुख्य शिक्षा अधिकारी आशाराम ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा मिलता है। साथ ही उनका सामान्य ज्ञान बढ़ता है और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी सहायता मिलती है।
क्विज प्रतियोगिता का संचालन जनपद समन्वयक एवं राजकीय इंटर कॉलेज काफलीगैर के प्रधानाचार्य राजीव निगम ने किया। इस अवसर पर संजय कुमार टम्टा, नरेंद्र जोशी, कौस्तुभ उपाध्याय, हेमलता, पंकज चिलवाल, गिरीश रावत और प्रभारी प्रधानाचार्य राजेश कुमार आगरी सहित अनेक शिक्षक उपस्थित रहे।







