बागेश्वर। नगर के मंडलेसरा क्षेत्र में किराये के कमरे में रह रही 12वीं की 17 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्रा कमरे में मृत मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया। घटना के बाद से परिवार में शोक का माहौल है।
गरुड़ तहसील के लमचूला गांव निवासी अजय चंद्र की पुत्री आंचल पीपलचौक, मंडलेसरा में किराये के कमरे में रहती थी। वह राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में कक्षा 12वीं की छात्रा थी। स्वजन के अनुसार, आंचल का शव कमरे में फंदे पर लटका मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर आवश्यक कार्रवाई की। छात्रा की मौत के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। कोतवाल अनिल उपाध्याय ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है।






