पिथौरागढ़ में आयोजित प्रतियोगिता में महिला सब जूनियर और जूनियर वर्ग में बागेश्वर की टीम उपविजेता
बागेश्वर। पिथौरागढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता 2026-27 में बागेश्वर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया। 22 से 26 अक्टूबर तक आयोजित प्रतियोगिता में बागेश्वर की टीम ने सात स्वर्ण, तीन रजत और छह कांस्य सहित कुल 16 पदक अपने नाम किए। महिला सब जूनियर और महिला जूनियर वर्ग में बागेश्वर की टीम उपविजेता रही।
प्रतियोगिता में बागेश्वर के खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में दमदार प्रदर्शन किया। स्वर्ण पदक जीतने वालों में पवन देव, ज्योति टकुली, चंद्रकांता, जया, रोशनी, भूमिका बसेड़ा और निशा थापा शामिल रहे। इन खिलाड़ियों ने अपने मुकाबलों में शानदार खेल दिखाते हुए स्वर्ण पदक हासिल किए।
रजत पदक जीतने वालों में धीरेंद्र सिंह कोरंगा, नैतिक सिंह बिष्ट और दीपांशु नगरकोटी शामिल रहे। वहीं, कांस्य पदक हासिल करने वालों में प्रियांशु पांडे, कृष कुमार, शौर्य जोशी, डॉली, मन्नू खेतवाल और कृतिका ने पदक जीतकर जिले को गौरवान्वित किया।
बागेश्वर के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से खेल प्रेमियों में खुशी है। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन को उनकी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम माना जा रहा है।
टीम के कोच सुंदर गढ़िया ने बताया कि खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन किया है। महिला सब जूनियर और जूनियर वर्ग में टीम का उपविजेता रहना उत्साहजनक उपलब्धि है। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि आने वाली प्रतियोगिताओं में भी खिलाड़ी इसी तरह प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेंगे। इस दौरान कोच उमेश सिंह गढ़िया भी मौजूद रहे।







