बागेश्वर। जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनसुनवाई में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष जोर दिया गया। जनसुनवाई के दौरान सड़क, आधारभूत ढांचा, विद्युत, पेयजल और आपदा समेत विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 26 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए भेजा गया।
जनसुनवाई में विद्युत बिलों में लगातार सामने आ रही विसंगतियों पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए यूपीसीएल के अधिशासी अभियंता को फटकार लगाई। उन्होंने निर्देश दिए कि एक माह के भीतर सभी विवादित बिजली बिलों की जांच कर त्रुटियों को दूर किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी उपभोक्ता से अनावश्यक या अतिरिक्त भुगतान नहीं कराया जाएगा। तय समय सीमा के बाद भी लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल और जनसुनवाई के माध्यम से प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक सोमवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई में सभी जिला स्तरीय अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें तथा आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और “हेलो बागेश्वर” पर प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से शिकायतों की प्रगति पर जवाब-तलब करते हुए सीएम हेल्पलाइन पर शत-प्रतिशत कॉलिंग सुनिश्चित करने और शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में निस्तारण करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल, मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।








