भूपेंद्र कोरंगा के नेतृत्व में केदारेश्वर मैदान में जुटे सैकड़ों समर्थक, बॉबी पंवार बोले- शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के मुद्दों पर होगी लड़ाई
बागेश्वर। कपकोट विधानसभा में आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। रविवार को केदारेश्वर मैदान में उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा के भूपेंद्र कोरंगा के नेतृत्व में ‘बदलाव का शंखनाद’ जनसभा आयोजित की गई। जनसभा में कपकोट विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों से सैकड़ों की संख्या में समर्थक पहुंचे। इस दौरान वक्ताओं ने प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार और युवाओं की अनदेखी का आरोप लगाते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में राजनीतिक बदलाव का आह्वान किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए बॉबी पंवार ने कहा कि उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा ने राज्य स्वराज पार्टी (आरएसपी) के रूप में प्रदेश की जनता को एक राजनीतिक विकल्प दिया है। पार्टी का चुनाव चिह्न हीरा है। उन्होंने कपकोट से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का शंखनाद करते हुए कहा कि आज भी प्रदेश के कई गांव शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और संचार जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। उन्होंने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के साथ भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष जारी रखने की बात कही। उन्होंने भूपेंद्र कोरंगा को कुमाऊं के प्रमुख युवा चेहरों में शामिल बताते हुए कहा कि वह युवाओं के संघर्ष में हमेशा साथ खड़े रहे हैं।
भूपेंद्र कोरंगा ने कहा कि जनता की मांग पर उन्होंने कपकोट विधानसभा के प्रत्येक गांव का भ्रमण कर लोगों की समस्याओं और अपेक्षाओं को समझा है। गांव-गांव से मिले समर्थन और जनता के विश्वास के बाद अब बदलाव का शंखनाद किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में जनता का समर्थन बढ़ने के बाद सत्तापक्ष के नेता भी सक्रिय हो गए हैं। जो सांसद पहले क्षेत्र में नजर नहीं आते थे, उन्हें भी अब दिल्ली से कपकोट आना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग और समर्थन से राज्य स्वराज पार्टी कपकोट में बदलाव लाने का प्रयास करेगी।
राज्य स्वराज पार्टी की ओर से कपकोट विधानसभा का प्रत्याशी कौन होगा, इस सवाल पर बॉबी पंवार ने कहा कि भूपेंद्र कोरंगा केवल प्रत्याशी तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वह कुमाऊं के बड़े युवा चेहरों में शामिल हैं। उनका संघर्ष से पुराना नाता रहा है और वह जनता के मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठाते रहे हैं।
इस दौरान त्रिभुवन चौहान ने कहा कि यह लड़ाई स्वाभिमान और स्वराज की है। उत्तराखंड जिन समस्याओं से जूझ रहा है, उनके समाधान के लिए अब युवाओं को राज्य की कमान सौंपने का समय आ गया है। वहीं यूकेडी डेमोक्रेटिक के केंद्रीय उपाध्यक्ष पान सिंह लटवाल ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में कपकोट से राज्य स्वराज पार्टी को समर्थन देने की बात कही।
जनसभा में राजेंद्र भट्ट, जिला पंचायत सदस्य शाम विजया कोरंगा, अल्मोड़ा के जिलाध्यक्ष रघुवीर भाकुनी सहित विभिन्न पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।







