सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर जीवनी प्रतियोगिता का आयोजन, विजेता बच्चों को किया गया सम्मानित
बागेश्वर। कोतवाली परिसर बागेश्वर में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय एकता दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने जनजागरूकता रैली निकालकर देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा का संदेश दिया। वहीं, सरदार पटेल के जीवन एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर आधारित जीवनी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।
पुलिस अधीक्षक बागेश्वर जितेन्द्र मेहरा (आईपीएस) के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी अजय साह मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और देश की सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था। इसके तहत स्कूली बच्चों ने रैली निकालकर लोगों को एकता और भाईचारे का संदेश दिया।
इस दौरान आयोजित जीवनी प्रतियोगिता में बच्चों ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन संघर्ष, व्यक्तित्व और देश की रियासतों को एकजुट करने में उनके ऐतिहासिक योगदान पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम स्थान प्राप्त बच्चों को क्षेत्राधिकारी अजय साह ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बच्चों, नागरिकों और वरिष्ठजनों को संबोधित करते हुए सरदार पटेल के जीवन और राष्ट्र निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय एकता और अखंडता को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर पुलिस जवानों ने अनुशासन, एकरूपता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों और आमजन को देश की एकता, अखंडता एवं आपसी सद्भाव बनाए रखने का संकल्प दिलाया गया।
यह आयोजन सुरक्षित बचपन अभियान के तहत चलाए जा रहे जनजागरूकता कार्यक्रमों की कड़ी में भी शामिल रहा।







