AFFF फोम और आधुनिक उपकरणों की कार्यक्षमता परखी, आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों का लिया जायजा
बागेश्वर। दीपावली पर्व के मद्देनजर आगजनी की संभावित घटनाओं को देखते हुए बागेश्वर अग्निशमन विभाग ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। त्योहार के दौरान किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए रविवार को फायर स्टेशन बागेश्वर परिसर में मॉक अभ्यास आयोजित किया गया। इस दौरान आधुनिक अग्निशमन उपकरणों और फोम मेकिंग ब्रांचों की कार्यक्षमता परखी गई।
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा (IPS) के निर्देशों के अनुपालन में प्रभारी अग्निशमन अधिकारी दिनेश चंद्र पाठक के नेतृत्व में आयोजित इस अभ्यास में अग्निशमन कर्मियों ने विभिन्न प्रकार की आग पर नियंत्रण पाने के लिए इस्तेमाल होने वाले उपकरणों का व्यावहारिक परीक्षण किया।
मॉक अभ्यास के दौरान विशेष रूप से बी-क्लास (तेल एवं ज्वलनशील तरल पदार्थ), सी-क्लास (गैस जनित) तथा डी-क्लास (धातु जनित) आग पर नियंत्रण के लिए उपयोग किए जाने वाले आधुनिक AFFF फोम और विभिन्न प्रकार की फोम मेकिंग ब्रांचों की कार्यक्षमता जांची गई। साथ ही कर्मियों को आपात परिस्थितियों में उपकरणों के प्रभावी संचालन और त्वरित कार्रवाई की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया।
परीक्षण के दौरान सभी अग्निशमन उपकरण और फोम मेकिंग ब्रांच सुचारु एवं कार्यशील पाए गए। अभ्यास के जरिए विभाग ने अपनी तैयारियों और संसाधनों की स्थिति का आकलन किया।
अग्निशमन विभाग का यह अभ्यास दीपावली के दौरान आगजनी की घटनाओं पर त्वरित नियंत्रण पाने और जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।







