बागेश्वर। भाजपा जिला कार्यालय की सफाई में फायर ब्रिगेड और जल संस्थान के सरकारी संसाधनों के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जिला कार्यालय परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। इसके बाद पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि 28 और 29 जुलाई की भारी बारिश से मंडलसेरा सहित जिले के कई क्षेत्रों में लोगों के घरों में पानी और कीचड़ भर गया था। प्रभावित परिवार लगातार राहत कार्य, जेसीबी और सफाई व्यवस्था की मांग कर रहे थे, लेकिन प्रशासन ने जनहित के बजाय भाजपा जिला कार्यालय की सफाई के लिए फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों और जल संस्थान के टैंकरों का उपयोग किया। कांग्रेस ने इसे सरकारी मशीनरी का खुला दुरुपयोग बताया।
पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय प्रशासन का पहला दायित्व आम जनता को राहत पहुंचाना होता है, लेकिन भाजपा कार्यालय की सफाई में सरकारी संसाधन लगाकर प्रशासन ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी संसाधन किसी राजनीतिक दल की संपत्ति नहीं हैं और उनका उपयोग केवल जनहित में होना चाहिए। यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो कांग्रेस इस मुद्दे को और व्यापक स्तर पर उठाएगी।
पूर्व जिलाध्यक्ष भगवत सिंह डसीला ने कहा कि फायर ब्रिगेड का कार्य आग बुझाना और आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्य करना है। किसी राजनीतिक दल के कार्यालय की सफाई के लिए फायर ब्रिगेड और जल संस्थान के संसाधनों का उपयोग प्रशासन की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि जब आम लोग राहत के लिए इंतजार कर रहे थे, उस समय सरकारी मशीनरी का राजनीतिक उपयोग दुर्भाग्यपूर्ण है।
कांग्रेस ने ज्ञापन में मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और भविष्य में सरकारी संसाधनों का उपयोग केवल जनहित एवं नियमानुसार सुनिश्चित किया जाए। प्रदर्शन के दौरान बालकृष्ण बालम, कुंदन गोस्वामी, किशन गिरी, रमेश हरड़िया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।








