बागेश्वर। गैरसैंण घेराव कार्यक्रम की सफलता के बाद उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय में बैठक आयोजित कर आंदोलन की समीक्षा की। इस दौरान आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में संगठन को मजबूत करने और पार्टी की रणनीति को गांव-गांव तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
बैठक में जिला महामंत्री मनोज चौहान ने कहा कि गैरसैंण घेराव कार्यक्रम को रोकने के लिए प्रदेश सरकार ने उत्तराखंड के लोगों, युवाओं और यूकेडी कार्यकर्ताओं को वहां पहुंचने से रोकने के हरसंभव प्रयास किए। जगह-जगह बैरिकेडिंग कर आंदोलन को दबाने की कोशिश की गई, लेकिन यूकेडी कार्यकर्ता पीछे नहीं हटे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग पार कर विधानसभा पहुंचकर प्रदेश की जनता की आवाज बुलंद की और सरकार को चेताने का काम किया।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल प्रदेश के हितों, मूल निवासियों और जनता के अधिकारों की लड़ाई लगातार मजबूती से लड़ता रहेगा। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने की आवश्यकता है।
बैठक में आगामी चुनाव की रणनीति, संगठनात्मक विस्तार और जनहित के मुद्दों को लेकर भी मंथन किया गया। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
इस मौके पर महिला जिलाध्यक्ष अंजू थापा, युवा प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष भास्कर बोरा, कपकोट विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष हरीश चंदोला, शिवराज राठौर, संजय कुमार, भुवन कांडपाल, विनोद पांडे, विनोद शाह, लोक गायक पूरन राठौर, गरुड़ ब्लॉक अध्यक्ष रोहित थायत, विमल फुलेरा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।







