बागेश्वर। तहसील रोड स्थित एक थोक मोबाइल दुकान में सोमवार देर रात अचानक आग लग गई। दुकान से धुआं उठता देख स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग और दुकान स्वामी को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की चपेट में आने से दुकान में रखे लाखों रुपये के मोबाइल फोन, फर्नीचर और अन्य सामान जलकर राख हो गया।
जानकारी के अनुसार पिथौरागढ़ जिले के मदकोट निवासी चंपा देवी पत्नी दीपक सिंह की तहसील रोड पर मोबाइल की दुकान है। सोमवार रात वह दुकान बंद कर अपने कमरे में चली गई थीं। देर रात में दुकान से धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने इसकी सूचना दमकल विभाग को दी।
सूचना मिलते ही फायर स्टेशन बागेश्वर से स्टेशन इंचार्ज LFM त्रिलोक राम के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। दुकान का शटर बंद था। दमकल कर्मियों ने बोल्ट कटर और डोर ब्रेकर की मदद से शटर का ताला तोड़ा और मोटर फायर इंजन के माध्यम से पानी की बौछार कर आग बुझाने का काम शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
आग से दुकान में रखे मोबाइल फोन समेत अन्य सामान जल गया। प्रारंभिक तौर पर लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।
दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को आसपास की दुकानों और क्षेत्र में फैलने से रोक लिया गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। मौके पर कोतवाली पुलिस और 112 की टीम भी मौजूद रही। पुलिस ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।







