तिलाड़ी कर्मी, हर्षिला और नान कन्यालीकोट में लगी सुरक्षा की पाठशाला; महिलाओं को गौरा शक्ति ऐप की दी जानकारी
बागेश्वर, 8 अक्टूबर। साइबर सुरक्षा अभियान 2.0 एवं साइबर जागरूकता माह के तहत बागेश्वर पुलिस का जन-जागरूकता अभियान जारी है। पुलिस अधीक्षक बागेश्वर जितेन्द्र मेहरा के निर्देशन में थाना कपकोट पुलिस की विभिन्न टीमों ने राजकीय इंटर कॉलेज तिलाड़ी कर्मी, राजकीय इंटर कॉलेज हर्षिला और ग्राम नान कन्यालीकोट में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।
राजकीय इंटर कॉलेज तिलाड़ी कर्मी और हर्षिला में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों, सोशल मीडिया फ्रॉड और डिजिटल अरेस्ट जैसी ठगी से बचाव के उपाय बताए गए। विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट, गुड टच-बैड टच और बाल अपराधों से सुरक्षा की जानकारी भी दी गई। साथ ही नाबालिगों को वाहन न चलाने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया।
नान कन्यालीकोट में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में पुलिस ने ग्रामीणों, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के साथ सुरक्षा चौपाल लगाकर संवाद किया। इस दौरान नशे के दुष्प्रभावों और नशे की कुरीति से समाज को होने वाले नुकसान के प्रति लोगों को सचेत किया गया।
पुलिस टीमों ने तीनों स्थानों पर जागरूकता पंपलेट वितरित किए। इनमें साइबर ठगी से बचाव के सुरक्षा मंत्र, महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर और यातायात नियमों से संबंधित जानकारी दी गई।
महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस ने महिलाओं और छात्राओं के स्मार्टफोन में उत्तराखंड पुलिस ऐप के अंतर्गत उपलब्ध गौरा शक्ति ऐप डाउनलोड कराया और मौके पर पंजीकरण भी कराया। उन्हें आपात स्थिति में ऐप के माध्यम से सहायता प्राप्त करने तथा महिला हेल्पलाइन 1090 और आपातकालीन नंबर 112 के उपयोग की जानकारी दी गई।
पुलिस ने साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने तथा नशा तस्करी की सूचना देने के लिए 1933 (मानस पोर्टल) की जानकारी भी दी। कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं और आमजन को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक एवं सतर्क रहने की शपथ दिलाई गई।







