logo

स्कूली वाहनों की चेकिंग में 24 चालकों पर कार्रवाई, एक वाहन सीज

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। स्कूली बच्चों की सुरक्षा और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए बागेश्वर पुलिस ने जिलेभर में स्कूली वाहनों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 24 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई, जबकि एक वाहन को सीज किया गया।
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा (आईपीएस) के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी बागेश्वर एवं कपकोट के पर्यवेक्षण में 16 नवंबर को सभी थाना क्षेत्रों में यह अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों ने विभिन्न मार्गों पर संचालित स्कूली बसों और वैन को रोककर उनके दस्तावेजों एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की।
इस दौरान वाहन चालकों को निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को न बैठाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, सीट बेल्ट का प्रयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही परमिट, फिटनेस प्रमाण पत्र, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र और ड्राइविंग लाइसेंस अद्यतन रखने को कहा गया। स्कूली वाहनों में प्राथमिक उपचार बॉक्स, अग्निशमन यंत्र और अन्य जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध रखने की भी हिदायत दी गई।

Share on whatsapp