डायट बागेश्वर में इंडक्शन प्रशिक्षण का तीसरा दिन, 42 शिक्षक हुए शामिल
बागेश्वर। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), बागेश्वर में जनपद के माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत नव नियुक्त शिक्षकों का इंडक्शन प्रशिक्षण तीसरे दिन भी जारी रहा। प्रशिक्षण के दौरान मुख्य शिक्षा अधिकारी आशाराम चौधरी ने शिक्षकों को विद्यार्थियों की बुनियादी शिक्षा मजबूत करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा की मजबूत नींव तैयार करने में शिक्षक की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। शिक्षक अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाएं, ताकि विद्यार्थियों का शैक्षिक और सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
प्रशिक्षण के तीसरे दिन अभिभावकों की सामुदायिक सहभागिता, विद्यालयों में संचालित विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं, नशामुक्त शिक्षण संस्थान, मोबाइल की बढ़ती लत और प्रभावी कक्षा-कक्ष प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। प्रशिक्षकों ने सहभागितापूर्ण गतिविधियों के माध्यम से शिक्षकों को इन विषयों की व्यावहारिक जानकारी दी।







