बागेश्वर। उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज 2026 का रोमांच लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रतियोगिता का कारवां बागेश्वर पहुंचने के बाद अगले पड़ाव के लिए रवाना हो गया। ऐतिहासिक नुमाइशखेत मैदान से जिला पर्यटन अधिकारी पीके गौतम ने साइकिल रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुक्तेश्वर से शुरू हुई इस 658 किलोमीटर लंबी चुनौतीपूर्ण साइकिल रेस में देश के विभिन्न राज्यों के करीब 80 साइक्लिस्ट प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता में लगभग 20 लाख रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है। रेस का मार्ग मुक्तेश्वर से पिथौरागढ़, बागेश्वर और तिलवाड़ा होते हुए मसूरी तक निर्धारित किया गया है।
इस अवसर पर जिला पर्यटन अधिकारी पीके गौतम ने कहा कि उत्तराखंड तेजी से एडवेंचर टूरिज्म के प्रमुख केंद्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। हिमालयन MTB चैलेंज जैसे आयोजन देशभर के साइक्लिस्टों को अपनी प्रतिभा और क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं। साथ ही प्रदेश के युवाओं को भी साहसिक खेलों के प्रति प्रोत्साहित करते हैं।
साइकिल फेडरेशन ऑफ इंडिया के सह सचिव शैलेंद्र पाठक ने बताया कि प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आए करीब 80 साइक्लिस्ट हिस्सा ले रहे हैं। प्रतिभागियों को कुल 658 किलोमीटर की दूरी तय करनी है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का समापन मसूरी में होगा।
वहीं, प्रतियोगिता में शामिल साइक्लिस्टों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। प्रतिभागियों ने आयोजन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए इसे चुनौतीपूर्ण साइकिल रेस बताया। उनका कहना था कि पहाड़ों के दुर्गम और घुमावदार रास्तों पर साइकिलिंग करना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है, लेकिन उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता और मनमोहक पहाड़ी नजारे इस सफर को यादगार बना रहे हैं।
हिमालयन MTB चैलेंज जैसे आयोजनों से प्रदेश में साहसिक पर्यटन की संभावनाओं को विस्तार मिलने के साथ ही स्थानीय स्तर पर पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इससे उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिल सकेगी।







