कोषागार गरुड़ में राष्ट्रीय डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र अभियान-5 के तहत लगा जागरूकता शिविर, बुजुर्ग पेंशनर अजब सिंह दानू सम्मानित
गरुड़। राष्ट्रीय डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र अभियान-5 के तहत सोमवार को कोषागार गरुड़ में पेंशन जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। उपकोषाधिकारी हेमा जोशी की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में राज्य के पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों को डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र बनाने की प्रक्रिया, स्वास्थ्य सुविधाओं, आयकर प्रावधानों तथा साइबर अपराधों से बचाव के तरीकों की जानकारी दी गई।
शिविर में केवल सिंह ने डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र और एसजीएचएस योजना के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए पेंशनरों को इन सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। सहायक कोषाधिकारी शिखा ने आयकर से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
वहीं, स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल ऑफिसर डॉ. प्रीती जोशी और महिमा बिष्ट ने शिविर में पहुंचे पेंशनरों का निश्शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया। पुलिस विभाग के अधिकारियों ने साइबर ठगी के बढ़ते मामलों के प्रति सचेत करते हुए पेंशनरों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए। उन्होंने अनजान फोन कॉल, संदिग्ध लिंक और ओटीपी साझा करने से बचने की सलाह दी।
इस अवसर पर वयोवृद्ध पेंशनर एवं सेवानिवृत्त शिक्षक अजब सिंह दानू को सम्मानित किया गया। शिविर में रेनू आर्य, हरीश सहित कोषागार के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।







