logo

भेंटा गांव में वृद्ध महिला को बंधक बनाकर लूटपाट, सवा दो तोला सोना और 30 हजार की नकदी चोरी

खबर शेयर करें -

72 वर्षीय तारा देवी के हाथ-पैर और मुंह बांधकर की मारपीट, घर में अकेली थी बुजुर्ग महिला

इसी ग्राम पंचायत के करड़ियागांव में पूर्व में हुई चोरी का भी अब तक नहीं हुआ खुलासा, ग्रामीणों में आक्रोश

कांडा।। भेंटा गांव में शनिवार शाम घर में अकेली रह रही 72 वर्षीय वृद्ध महिला को बंधक बनाकर लूटपाट किए जाने का मामला सामने आया है। बदमाशों ने वृद्धा तारा देवी के हाथ-पैर और मुंह बांधकर उनके साथ मारपीट की और घर में रखी नकदी व सोने के आभूषण चोरी कर लिए। वारदात में करीब सवा दो तोला सोना और 25 से 30 हजार रुपये की नकदी चोरी होने की जानकारी सामने आई है। बुजुर्ग महिला के साथ हुई इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

यह भी पढ़ें 👉  पेंशनरों को डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र और साइबर सुरक्षा की दी जानकारी

जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब आठ बजे वृद्धा के घर से आवाज सुनकर पड़ोस में रहने वाले पूरन राम, हरीश राम और सोहन राम मौके पर पहुंचे। घर के अंदर पहुंचने पर उन्होंने तारा देवी को हाथ-पैर और मुंह बंधी हालत में पाया। पड़ोसियों ने उनके बंधन खोले, जिसके बाद वृद्धा ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। इसके बाद पड़ोसियों ने तत्काल उनके परिजनों, ग्राम प्रधान और ग्राम प्रहरी को सूचना दी।

बताया गया कि बदमाश घर से करीब डेढ़ तोले का मंगलसूत्र, 12 आने वजन के कान के झुमके सहित कुल सवा दो तोला सोने के आभूषण और 25 से 30 हजार रुपये की नकदी ले गए। वृद्धा का छोटा बेटा नीरज जोशी रुद्रपुर में नौकरी करता है, जबकि बड़ा बेटा ललित मोहन जोशी गांव में ही पड़ोस में रहता है। घटना की सूचना मिलने पर नीरज जोशी रविवार सुबह गांव पहुंचे और डायल 112 के माध्यम से पुलिस को जानकारी दी।

यह भी पढ़ें 👉  जनता दरबार से नदारद रहे वन और पुलिस विभाग के अधिकारी, डीएम ने जताई नाराजगी

ग्राम प्रहरी बसंत बल्लभ जोशी ने भी शनिवार शाम करीब आठ बजे खातीगांव चौकी प्रभारी को घटना की सूचना दी थी। पुलिस मध्यरात्रि करीब 12 बजे गांव पहुंची। रविवार सुबह पुलिस उपाधीक्षक राजेश शाह, कांडा थानाध्यक्ष बलवंत कंबोज, उपनिरीक्षक लता खत्री और खातीगांव चौकी प्रभारी समेत पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए।

वृद्धा के बेटे नीरज जोशी ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर जल्द खुलासा करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि घर में अकेली रह रही उनकी बुजुर्ग मां के साथ इस तरह की वारदात होना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।

यह भी पढ़ें 👉  मानदेय वृद्धि और पेंशन की मांग को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने निकाली आक्रोश रैली

पूर्व की चोरी का खुलासा नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी

गौरतलब है कि इसी ग्राम पंचायत के करड़ियागांव में 28 अप्रैल 2026 को बुजुर्ग जीवन कर्नाटक के घर में भी चोरी की घटना हुई थी। ग्रामीणों के अनुसार, उस मामले का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है। अब भेंटा गांव में वृद्ध महिला के साथ हुई वारदात ने ग्रामीणों की चिंता और बढ़ा दी है।

ग्रामीणों का कहना है कि एक ही ग्राम पंचायत में चोरी की लगातार घटनाएं सामने आना चिंता का विषय है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से दोनों मामलों का जल्द खुलासा करने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad
Share on whatsapp