बागेश्वर। उत्तराखण्ड संस्कृत संस्थानम्, हरिद्वार के तत्वावधान में आयोजित द्वि-दिवसीय जनपद स्तरीय संस्कृत छात्र प्रतियोगिता 2026-27 का रंगारंग समापन पीएम श्री विक्टर मोहन जोशी स्मारक राजकीय इंटर कॉलेज, बागेश्वर में हुआ। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने संस्कृत की विभिन्न विधाओं में प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली 12 टीमें राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगी।
प्रतियोगिता का शुभारंभ 30 सितंबर को जिलाधिकारी अपूर्व पाण्डे ने किया था। समापन समारोह की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या रहीं, जबकि पुरस्कार वितरण समारोह की अध्यक्षता विधायक पार्वती दास ने की। अतिथियों ने कहा कि संस्कृत भारतीय भाषाओं की जननी है और यह सरल, सुमधुर एवं वैज्ञानिक भाषा है। उन्होंने विद्यार्थियों से संस्कृत भाषा के संरक्षण और संवर्धन में योगदान देने का आह्वान किया।
जनपद संयोजक दीप चन्द्र जोशी ने बताया कि जनपद स्तर पर आयोजित 12 प्रतियोगिताओं में कुल 37,800 रुपये के नकद पुरस्कार वितरित किए गए। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीमें 23 और 24 अक्टूबर को हरिद्वार में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगी।
कनिष्ठ वर्ग में परिणाम: नाटक में राइंका गंगारीगोल प्रथम, राआवि पन्त क्वैराली द्वितीय और राजीव नवोदय बहोली तृतीय रहा। समूह गान में कन्ट्रीवाइड पब्लिक स्कूल प्रथम, जिम कॉर्बेट पब्लिक स्कूल द्वितीय और राइंका गरुड़ तृतीय रहा। समूह नृत्य में जिम कॉर्बेट पब्लिक स्कूल प्रथम, राइंका कोट फुलवारी द्वितीय और राजीव नवोदय बहोली तृतीय रहा।
वाद-विवाद में राइंका सिरकोट प्रथम, राउमावि कपकोट द्वितीय और उमावि क्वैराली तृतीय रहा। आशु भाषण में राइंका गरुड़ प्रथम, राइंका कपकोट द्वितीय और राउमावि फुलवाड़ी तृतीय रहा। श्लोकोच्चारण में राउमावि लौह-चौरा प्रथम, राइंका कपकोट द्वितीय और राउमावि चनबोली तृतीय रहा।
वरिष्ठ वर्ग में परिणाम: नाटक में राइंका छिरतौला प्रथम, राजीव नवोदय बहोली द्वितीय और राबाइंका पाये तृतीय रहा। समूह गान का परिणाम घोषित होना शेष है। समूह नृत्य में राबाइंका पाये प्रथम, राइंका गरुड़ द्वितीय और राबाइंका बागेश्वर तृतीय रहा।
वाद-विवाद में इका घ्वैराली प्रथम, राइंका लौह-चौरा द्वितीय और राइंका कन्यालीकोट तृतीय रहा। आशु भाषण में राइंका लौह-चौरा प्रथम, राइंका सिरकोट द्वितीय और राबाइंका काण्डा तृतीय रहा। श्लोकोच्चारण में पं. बद्री दत्त पाण्डे परिसर प्रथम, राबाइंका पाये द्वितीय और राइंका स्यौंग तृतीय रहा।
कार्यक्रम का संचालन मोहन चन्द्र जोशी एवं डॉ. रमेश काण्डपाल ने किया। इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष रेखा गोस्वामी, सह-संयोजक पंकज प्रसाद भट्ट, यशोदा जोशी, कमला गोस्वामी, दिनेश जोशी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।







