गरुड़। तहसील क्षेत्र से लगे दर्शानी गांव में शुक्रवार देर शाम घास काट रही एक महिला पर गुलदार ने अचानक हमला कर दिया। हमले में महिला के पैर में गंभीर चोटें आई हैं। परिजन उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बैजनाथ ले गए, जहां उसका उपचार चल रहा है।
दर्शानी गांव निवासी गीता देवी (40) पत्नी मनोहर पांडे शुक्रवार देर शाम अपने घर के पास घास काट रही थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक उन पर हमला कर दिया और उनके पैर में काट लिया। गुलदार के हमले से महिला का पैर गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
हमले के दौरान महिला ने हिम्मत दिखाते हुए दराती से गुलदार पर पलटवार किया और शोर मचा दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों के पहुंचने पर गुलदार वहां से भाग गया और महिला की जान बच सकी।
परिजन घायल महिला को तत्काल सीएचसी बैजनाथ लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। घटना की सूचना मिलने पर पूर्व विधायक ललित फर्सवाण, जिला पंचायत सदस्य जनार्दन लोहुमी, बालकृष्ण और नरेंद्र बिष्ट अस्पताल पहुंचे और महिला का हालचाल जाना। घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम भी अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी ली।
ग्रामीणों ने क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता को देखते हुए सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।







