अंडर-19 बालक और अंडर-17 बालिका वर्ग में स्वर्ण पदक पर जमाया कब्जा, दो वर्गों में रजत पदक भी हासिल
बागेश्वर। देहरादून के खड़कमाफी में 13 से 15 नवंबर 2026 तक आयोजित राज्य स्तरीय विद्यालयी खो-खो प्रतियोगिता में जनपद बागेश्वर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का मान बढ़ाया है। प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंचे 850 से अधिक खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। कड़े मुकाबलों के बीच बागेश्वर की टीम ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए चार पदक अपने नाम किए।
प्रतियोगिता में बागेश्वर की टीम ने अंडर-19 बालक वर्ग में स्वर्ण पदक तथा अंडर-17 बालिका वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं अंडर-19 बालिका वर्ग और अंडर-14 बालिका वर्ग में टीम ने रजत पदक जीतकर जिले को गौरवान्वित किया।
टीम के साथ प्रभारी के रूप में राजेश कुमार, सूरज मोहन, देवेंद्र रावत, राकेश सिंह, लता डसीला, ज्योति एवं पवन कुमार ने कोच की भूमिका निभाते हुए खिलाड़ियों का मार्गदर्शन किया।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी आशा राम एवं प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी किरन नेगी ने सभी खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को शुभकामनाएं दीं। जिला खेल समन्वयक कमलेश तिवारी ने भी खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए पूरी टीम को बधाई दी।
गौरतलब है कि विद्यालयी खेल प्रतियोगिताओं में खो-खो के क्षेत्र में बागेश्वर जनपद लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलने के साथ ही अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी, कपकोट विधायक सुरेश गड़िया, बागेश्वर विधायक पार्वती दास, नगर पालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों, खेल शिक्षकों एवं खेलप्रेमियों ने खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।







