बागेश्वर। ग्राम सभा भाटनीकोट के कभरेत तोक में स्थायी पुल निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) निधि से पुल निर्माण कराने और कभरेत तोक को खनन प्रभावित क्षेत्रों की सूची में शामिल करने की मांग उठाई।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में कहा कि भाटनीकोट ग्राम सभा के कभरेत तोक में करीब 150 से 160 लोग निवास करते हैं। यह अनुसूचित जाति बहुल बस्ती है। क्षेत्र में वर्ष 2022 से लगातार खनन कार्य हो रहा है, लेकिन विडंबना है कि खनन गतिविधियां संचालित होने के बावजूद ग्रामीणों को नदी पार करने के लिए स्थायी पुल तक की सुविधा नहीं मिल पाई है।







