50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद बागेश्वर पुलिस को मिली सफलता, काण्डा क्षेत्र में हुई लूट का खुलासा
बागेश्वर। काण्डा थाना क्षेत्र के भेटा गांव में बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर घर में लूटपाट करने के मामले का बागेश्वर पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटे गए सोने के आभूषण, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई को बुजुर्गों की सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 21 नवंबर की शाम दो नकाबपोश व्यक्ति भेटा गांव निवासी 75 वर्षीय तारा जोशी के घर में घुस गए। आरोपियों ने बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर घर में रखे बक्से से सोने का मंगलसूत्र, सोने के झुमके और 25 से 30 हजार रुपये की नकदी लूट ली। इसके बाद आरोपियों ने महिला के हाथ-पैर और मुंह को साड़ी से बांध दिया तथा उनका मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए।
घटना के संबंध में महिला के पुत्र नीरज कुमार जोशी ने 22 नवंबर को थाना काण्डा में तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक कपकोट राजेश साह के पर्यवेक्षण में पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीमें गठित की गईं।
आरोपियों की तलाश में पुलिस ने 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही दुर्गम पहाड़ी रास्तों पर सर्च अभियान चलाया। लगातार सुरागरसी और सर्विलांस की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।
पुलिस ने 26 नवंबर की सुबह मुखबिर की सूचना पर खाती-बांसपटान रोड से दो आरोपियों दीवान सिंह मेहता (42) निवासी डोबरगाड़ा, थाना काण्डा और अमित कुमार (21) निवासी कट्यूटा, थाना सोमेश्वर, जिला अल्मोड़ा को गिरफ्तार कर लिया।
ये सामान हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.5 तोले का सोने का मंगलसूत्र, 12 आने के सोने के झुमके, आईटेल कंपनी का आसमानी रंग का एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 18,700 रुपये की नकदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
घटना का खुलासा करने वाली टीम में थानाध्यक्ष काण्डा बलवंत सिंह, थानाध्यक्ष झिरौली मनोहर चंद सहित काण्डा पुलिस, झिरौली पुलिस और एसओजी के जवान शामिल रहे।







