बागेश्वर। सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत बनाने और आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के उद्देश्य से बागेश्वर पुलिस ने गांवों में जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा के निर्देशन में कोतवाली कौसानी और झिरौली पुलिस की टीमों ने ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर बुजुर्गों, महिलाओं और आम नागरिकों से संवाद किया। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने अकेले रह रहे बुजुर्गों के घर पहुंचकर उनका हालचाल जाना और उनकी स्वास्थ्य एवं सुरक्षा संबंधी समस्याओं की जानकारी ली।
पुलिस कर्मियों ने बुजुर्गों को भरोसा दिलाया कि किसी भी आपात स्थिति, बीमारी या अन्य परेशानी में पुलिस उनकी सहायता के लिए 24 घंटे तत्पर है। साथ ही उन्हें किसी भी समस्या के दौरान तत्काल पुलिस से संपर्क करने की अपील की गई। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य गांवों में अकेले रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के साथ उनकी समस्याओं से रूबरू होना रहा।
अभियान के तहत गांवों में चौपाल लगाकर महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों और महिला सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों की जानकारी दी गई। पुलिस ने घरेलू हिंसा के खिलाफ बने कानूनों के बारे में बताते हुए महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 और आपातकालीन सेवा डायल 112 की जानकारी दी। महिलाओं से किसी भी तरह की उत्पीड़न या हिंसा की घटना होने पर चुप न रहने और पुलिस की मदद लेने की अपील की गई।
वहीं, साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए ग्रामीणों और बुजुर्गों को डिजिटल ठगी के प्रति भी जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन लॉटरी के नाम पर ठगी, फर्जी बिजली बिल संदेश और बैंक अधिकारी बनकर आने वाली फर्जी कॉल के बारे में जानकारी दी। लोगों को बताया गया कि साइबर ठग अलग-अलग तरीके अपनाकर उनकी बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी हासिल करने का प्रयास करते हैं। ऐसे में किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम पिन या बैंक खाते से जुड़ी जानकारी साझा न करें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई।
इसके अलावा पुलिस ने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति भी लोगों को जागरूक किया। युवाओं और आम नागरिकों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, नाबालिगों को वाहन न देने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की हिदायत दी गई।
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के माध्यम से पुलिस ने ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद स्थापित करने, बुजुर्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और साइबर अपराधों से बचाव का संदेश दिया।







