बागेश्वर। सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत बनाने के उद्देश्य से बागेश्वर पुलिस ‘ऑपरेशन भल छौ’ के तहत गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक कर रही है। अभियान के दौरान पुलिस ने अकेले रह रहे बुजुर्गों और वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम जानी। साथ ही महिलाओं को उनके अधिकारों, साइबर अपराधों और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली बागेश्वर के प्रभारी निरीक्षक अनिल उपाध्याय पुलिस टीम के साथ गांवों में पहुंचे। उन्होंने अकेले निवास कर रहे बुजुर्गों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा संबंधी समस्याओं की जानकारी ली। पुलिस टीम ने बुजुर्गों को भरोसा दिलाया कि किसी भी आपात स्थिति, बीमारी या अन्य परेशानी में पुलिस उनकी सहायता के लिए 24 घंटे तत्पर है।
अभियान के दौरान महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों और घरेलू हिंसा के खिलाफ बनाए गए कानूनों की जानकारी दी गई। साथ ही महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 और आपातकालीन सेवा डायल 112 के बारे में बताया गया।
वहीं, साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए लोगों को डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन लॉटरी के नाम पर ठगी, फर्जी बिजली बिल संदेश और बैंक अधिकारी बनकर आने वाली धोखाधड़ी वाली कॉल से सतर्क रहने की सलाह दी गई। पुलिस ने किसी के साथ भी ओटीपी और एटीएम पिन जैसी गोपनीय बैंकिंग जानकारी साझा नहीं करने की अपील की। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने को कहा।
युवाओं को नशे से दूर रखने और नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए भी लोगों को जागरूक किया गया। पुलिस ने अपील की कि क्षेत्र में नशा तस्करी से संबंधित कोई भी सूचना मिलने पर मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 या नजदीकी पुलिस थाने को जानकारी दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
बागेश्वर पुलिस ने कहा कि ‘ऑपरेशन भल छौ’ के माध्यम से जनसुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, डिजिटल जागरूकता और अपराध नियंत्रण के साथ आमजन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है।







