दो दिन भारी बारिश का अलर्ट, बागेश्वर में आपदा तंत्र अलर्ट
संवेदनशील मार्गों पर जेसीबी तैनात रखने के निर्देश
बागेश्वर। जिले में मौसम के बिगड़ने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन तंत्र को अलर्ट कर दिया है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के पूर्वानुमान के अनुसार 29 और 31 अगस्त को बागेश्वर में कहीं-कहीं गर्जन के साथ भारी से बहुत भारी बारिश और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है। मौसम विभाग ने इन दोनों दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं एक सितंबर को भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद अपर जिलाधिकारी एनएस नबियाल ने सभी विभागों और अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी रखने और आपदा की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
संवेदनशील स्थानों पर जेसीबी रहेंगी तैनात
बारिश के दौरान भूस्खलन और मलबा आने से सड़कें बंद होने की आशंका को देखते हुए एनएच, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई और बीआरओ को संवेदनशील स्थानों पर जेसीबी मशीनें तैनात रखने के निर्देश दिए गए हैं। सड़क बंद होने की स्थिति में मशीनरी और कर्मचारियों को तत्काल मौके पर भेजकर यातायात सुचारु कराने को कहा गया है।
अधिकारियों के फोन बंद रखने पर रोक
आपदा की स्थिति में सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान के लिए प्रशासन ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने मोबाइल फोन चालू रखने के निर्देश दिए हैं। आपदा अवधि में किसी भी अधिकारी या कर्मचारी का मोबाइल फोन स्विच ऑफ नहीं रहेगा। पटवारी, ग्राम विकास अधिकारी और ग्राम पंचायत अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद रहकर स्थिति पर नजर रखेंगे।
पुलिस और आपदा टीमें 24 घंटे अलर्ट
जिले में आईआरएस प्रणाली के नोडल अधिकारी, सभी पुलिस थाने और चौकियां वायरलेस सेट और आपदा उपकरणों के साथ 24 घंटे हाई अलर्ट पर रहेंगे। किसी भी स्थान से आपदा अथवा सड़क बंद होने की सूचना मिलने पर तत्काल संबंधित टीम को रवाना किया जाएगा।
ट्रैकिंग और पर्यटकों की आवाजाही पर रोक
प्रशासन ने पर्वतीय एवं उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ट्रैकिंग और पर्यटकों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। लोगों से मौसम की चेतावनी को देखते हुए अनावश्यक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की गई है।
स्कूलों और नगरीय क्षेत्रों में भी विशेष सतर्कता
बारिश के दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर विद्यालयों में विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं नगरीय क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति से बचने के लिए नालियों और कलवर्ट की सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
प्रशासन ने आम लोगों से मौसम खराब होने की स्थिति में सतर्क रहने और नदी-नालों, भूस्खलन संभावित स्थानों तथा संवेदनशील मार्गों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।
आपदा की स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क
आपदा कंट्रोल रूम, बागेश्वर:
05963-220197
05963-220196
टोल फ्री: 1077 (बीएसएनएल)
7536827373
9634912152
8859223535
प्रशासन ने कहा है कि मौसम की स्थिति को देखते हुए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करेंगे और किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू किया जाएगा।








