बाल विवाह में शामिल होने या सहयोग करने पर हो सकती है दो साल की सजा और एक लाख रुपये तक जुर्माना
बागेश्वर। अंतर्राष्ट्रीय बाल, प्रारंभिक एवं जबरन विवाह उन्मूलन दिवस तथा केंद्र सरकार के ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर शुक्रवार, 27 नवंबर 2026 को तहसील बागेश्वर में जन-जागरूकता कार्यक्रम एवं सामूहिक शपथ समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को जड़ से समाप्त करने का संकल्प लिया।
इस दौरान उपस्थित लोगों को शपथ दिलाई गई कि वे न तो बाल विवाह करेंगे और न ही किसी भी रूप में इसमें प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष सहयोग करेंगे। वक्ताओं ने बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि 18 वर्ष से कम आयु की बालिका और 21 वर्ष से कम आयु के बालक का विवाह कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने पर दो वर्ष तक का कठोर कारावास अथवा एक लाख रुपये तक का जुर्माना या दोनों सजाएं हो सकती हैं।
कार्यक्रम में बाल विवाह के कारण बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने अभिभावकों से अपील की कि वे बेटियों की शिक्षा, सुरक्षित भविष्य और आत्मनिर्भरता को प्राथमिकता दें तथा उन्हें अपने सपनों को पूरा करने के लिए समान अवसर प्रदान करें।
बाल विवाह की सूचना देने की अपील
तहसील प्रशासन एवं बागेश्वर पुलिस की संयुक्त टीम ने आमजन से अपील की कि यदि उनके आसपास कहीं भी बाल विवाह होने की जानकारी मिलती है तो तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, आपातकालीन सेवा डायल 112, बाल विवाह मुक्त भारत पोर्टल (stopchildmarriage.wcd.gov.in) अथवा नजदीकी तहसील या थाना प्रशासन को इसकी सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस एवं तहसील प्रशासन ने बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण के लिए आमजन से जागरूक नागरिक की भूमिका निभाने और इस सामाजिक कुरीति के विरुद्ध सामूहिक प्रयास करने की अपील की।







