logo

अल्मोड़ा के सल्ट में बाघ का हमला, महिला की दर्दनाक मौत

खबर शेयर करें -

सल्ट में बाघ का आतंक: गोबर फेंकने गई महिला को घसीट ले गया वन्यजीव, मौत

सल्ट (अल्मोड़ा)। उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों से लेकर पर्वतीय इलाकों तक वन्यजीवों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार सुबह अल्मोड़ा जिले के सल्ट विकासखंड अंतर्गत ग्राम डभरा सौराल के तोक घौड़ीघार में एक महिला की वन्यजीव के हमले में दर्दनाक मौत हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि महिला को बाघ ने अपना शिकार बनाया।

जानकारी के अनुसार, शैलू देवी (नाम उपलब्ध) रोज की तरह सुबह घर से करीब 30 मीटर दूर मवेशियों का गोबर फेंकने गई थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे वन्यजीव ने उन पर हमला कर उन्हें जंगल की ओर घसीट लिया। काफी देर तक घर वापस न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने ग्रामीणों के साथ मिलकर खोजबीन शुरू की। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई।

यह भी पढ़ें 👉  कपकोट के कर्मी सरन में पांच नाली अवैध भांग की फसल नष्ट, ग्रामीणों को नशामुक्ति का दिया संदेश

करीब सुबह नौ बजे घर से लगभग दो किलोमीटर दूर सतनिया गधेरे के पास महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। शव मिलने के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया। वन विभाग ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।

यह भी पढ़ें 👉  नशे में कार चलाना पड़ा भारी, यातायात पुलिस ने वाहन किया सीज

डीएफओ दीपक सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला की मौत वन्यजीव के हमले में हुई है। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हमला किस वन्यजीव ने किया। उन्होंने बताया कि प्रशासन और वन विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं तथा पोस्टमार्टम के लिए चिकित्सकों को बुलाया गया है।

वहीं एसडीओ काकूल पुडीर ने बताया कि महिला के लापता होने की सूचना मिलने के तुरंत बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव बरामद किया गया। क्षेत्र में कैमरा ट्रैप लगाए जा रहे हैं, पिंजरे लगाए जाएंगे तथा तीन रेस्क्यू टीमें गठित कर वन्यजीव को पकड़ने का अभियान चलाया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  भारी बारिश का अलर्ट: बागेश्वर में 30 जुलाई को कक्षा 1 से 12 तक सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

स्थानीय महिला मुन्नी देवी ने बताया कि गांव में पिछले कई दिनों से बाघ की आवाजाही देखी जा रही थी। उन्होंने कहा कि जब शैलू देवी काफी देर तक घर नहीं लौटीं तो ग्रामीणों ने तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान महिला का शव मिला। उन्होंने वन विभाग से गांव में दहशत फैला रहे बाघ को जल्द पकड़ने की मांग की।

ADVERTISEMENTS Ad
Share on whatsapp