विधायक पार्वती दास ने मुख्यमंत्री धामी समेत संबंधित अधिकारियों का जताया आभार
बागेश्वर, संवाददाता। बागेश्वर विधानसभा क्षेत्र के गरुड़ विकासखंड में मन्यूड़ा–नरग्वाड़ी मोटर मार्ग के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। मार्ग निर्माण के लिए ₹1 करोड़ 22 लाख 40 हजार की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इससे क्षेत्र में सड़क संपर्क मजबूत होने और ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
मोटर मार्ग के निर्माण से ग्रामीणों को आवाजाही में सहूलियत मिलेगी। किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने, विद्यार्थियों को शिक्षण संस्थानों तक आने-जाने और मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा होगी। साथ ही क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की भी उम्मीद है।
विधायक ने जताया आभार
बागेश्वर की विधायक पार्वती दास ने मोटर मार्ग के निर्माण के लिए स्वीकृति मिलने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पीएमजीएसवाई के उपाध्यक्ष (दर्जा राज्यमंत्री) शिव सिंह बिष्ट और संबंधित विभागीय अधिकारियों का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में सड़कें ग्रामीण जीवन की महत्वपूर्ण आवश्यकता हैं। बेहतर सड़क संपर्क से न केवल आवागमन सुगम होता है, बल्कि किसानों, विद्यार्थियों और मरीजों को भी सीधा लाभ मिलता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गांव-गांव तक सड़क सुविधा पहुंचाने और पर्वतीय क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता दे रही है।
विधायक ने कहा कि बागेश्वर विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। क्षेत्र की जनसमस्याओं का समाधान करने और विकास कार्यों को गति देने के प्रयास जारी रहेंगे।
मार्ग निर्माण की स्वीकृति को क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।







