बागेश्वर। चुनाव ड्यूटी में लगाए गए वाहनों के भुगतान और कथित अवैध चालानों के विरोध में शिव शक्ति टैक्सी यूनियन मालिक चालक कल्याण समिति ने सोमवार को प्रदर्शन किया। समिति से जुड़े वाहन स्वामियों और चालकों ने कलक्ट्रेट में नारेबाजी कर अपनी मांगों को उठाया। सभा के दौरान मांगें जल्द पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई।
सोमवार को समिति के पदाधिकारी और सदस्य कलक्ट्रेट परिसर में एकत्रित हुए। यहां उन्होंने प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर चार प्रमुख मांगें उठाईं।
ज्ञापन में चुनाव कार्य में लगाए गए वाहनों का लंबित भुगतान जल्द कराने, थानों-चौकियों और स्थानीय स्तर पर कथित अवैध चालानों के नाम पर वाहन मालिकों का शोषण बंद करने, किसी विशेष व्यक्ति को लाभ पहुंचाने के लिए मनमानी पर रोक लगाने और प्राइवेट वाहनों से टैक्सी का कार्य कराए जाने पर रोक लगाने की मांग की गई।
यूनियन अध्यक्ष पुष्कर जोशी ने कहा कि चुनाव ड्यूटी में लगाए गए वाहनों का समय पर भुगतान नहीं होने से वाहन स्वामियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अवैध चालानों के माध्यम से भी वाहन मालिकों का शोषण किया जा रहा है। समिति ने प्रशासन से सभी मांगों पर जल्द कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन सौंपने वालों में महासचिव प्रकाश उपाध्याय, सचिव जीवन तिवारी, उमेश चंद्र पांडे समेत समिति के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।







