बागेश्वर। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत त्यूनेरा के पास सरयू नदी किनारे गिरे एक व्यक्ति को दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
दमकल विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब नौ बजे त्यूनेरा के पास एक व्यक्ति के सरयू नदी किनारे गिरने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही प्रभारी अधिकारी दिनेश चंद पाठक के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। रात के घने अंधेरे में टीम ने कोतवाली पुलिस की सहायता से रेस्क्यू अभियान चलाया और काफी मशक्कत के बाद घायल व्यक्ति को नदी किनारे से सुरक्षित बाहर निकाला।
इसके बाद उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घायल की पहचान 38 वर्षीय हरि ओम सिंह पुत्र मोहन सिंह, निवासी ज्वालादेवी वार्ड, तहसील रोड बागेश्वर के रूप में हुई है।
रेस्क्यू अभियान में सचिन सेमवाल, केदार सिंह, जगदीश सिंह, चंद्र प्रकाश, अंजुल पांडे, प्रकाश राम, सूर्य प्रकाश और दीपक दानू शामिल रहे।







