बागेश्वर। विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, मंडलसेरा में आयोजित विद्यालय स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न वैज्ञानिक मॉडलों और परियोजनाओं के माध्यम से अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच का शानदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों के नवाचार और प्रयोगात्मक सोच ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
प्रदर्शनी का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा, नवाचार और प्रयोगात्मक अधिगम की प्रवृत्ति विकसित करना रहा। विद्यार्थियों ने दैनिक जीवन और पर्यावरण से जुड़े विषयों को वैज्ञानिक मॉडल के माध्यम से प्रस्तुत करते हुए अपनी समझ और रचनात्मक क्षमता का परिचय दिया।
जूनियर वर्ग में अखिलेश पांडे ने सोलर संचालित स्मार्ट कचरा प्रबंधन एवं ऊर्जा उत्पादन प्रणाली, हर्षित पाठक ने मैकेनिकल हैंड, आयुष ने भूकंप मॉडल और आदित्य ने कार्बन टू लिंक कन्वर्टिंग मॉडल प्रस्तुत किया। वहीं पल्लवी कांडपाल, निवेदिता नगरकोटी और करण कुमार के ह्यूमन हार्ट मॉडल ने भी आकर्षित किया।
इसके अलावा कल्पना दानू ने ऑर्गेनिक फार्मिंग, तनय पांडे ने क्लीन इंडिया मिशन, कनिका वर्मा ने फ्रिक्शन मॉडल, गुंजन असवाल ने कंजर्वेशन तथा दिव्यांश कांडपाल ने हैंड क्रैंक इलेक्ट्रोमैग्नेटिक जनरेटर का मॉडल प्रस्तुत किया।
विद्यार्थियों ने ऊर्जा संरक्षण, विद्युत की कार्यप्रणाली और रेस्क्यू तकनीक सहित विभिन्न विषयों पर भी प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं। शिक्षकों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के साथ उन्हें नई खोज और नवाचार के लिए प्रेरित करते हैं।
प्रदर्शनी में विद्यार्थियों के मॉडलों ने यह संदेश दिया कि सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर विद्यालय स्तर पर ही बच्चे अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा और रचनात्मक सोच को प्रभावी ढंग से सामने ला सकते हैं।








